बस्ती। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग प्रवक्ता परीक्षा (पीजीटी) रविवार को समाप्त हुई। दो पॉलियों में हुई परीक्षा के दौरान 16,430 में से 86,49 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए, जबकि 77,81 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सख्ती के बीच दोनों पालियों की परीक्षा कराई गई। सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की निगरानी की गई। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी, कोतवाल मोतीचंद मय फोर्स परीक्षा का जायजा लेने के लिए केंद्रों का भ्रमण करते रहे।
दूसरे दिन भी अभ्यर्थियों ने परीक्षा में रूचि नहीं दिखाई। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी गैर हाजिर हो गए। सुबह पहली पाली में 19 केंद्रों पर 9:30 से 11:30 बजे तक परीक्षा कराई गई। आवंटित 74,24 अभ्यर्थियों में से 35,84 लोग उपस्थित हुए। जबकि 38,40 अभ्यर्थी अनुपस्थि रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा 24 केंद्रों पर 2:30 से 4:30 बजे तक कराई गई। इसमें 9006 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। महज 5065 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। 3941 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित हो गए।
परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही केंद्रों के बाहर महिला-पुरुष अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई। आधे घंटे पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश देना शुरू किया गया। पेन, आईडी और प्रवेश पत्र के अलावा मोबाइल, घड़ी आदि नहीं ले जाने दिया गया। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक के अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी होती रही। आला अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।
इस दौरान शहर में आवागमन सुचारू रखने के लिए प्रमुख चौराहा रोडवेज, कंपनीबाग, बड़ेवन, दक्षिण दरवाजा, पचपेड़िया मार्ग पर यातायात पुलिस तैनात रही। इस दौरान आवागमन प्रभावित नहीं होने दिया गया। परीक्षा खत्म हाेने के बाद केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्र हुई लेकिन, पुलिस की सक्रियता से कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई।