एसडीएम व पूर्ति निरीक्षक ने पेट्रोल पंप की जांच की
रुधौली। उपजिलाधिकारी रुधौली गुलाब चंद्रा व पूर्ति निरीक्षक शैलेश सिंह ने शुक्रवार शाम तहसील मुख्यालय पर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की जांच की। जांच में घटतौली की शिकायत गलत पाई गई, जबकि प्रपत्रों में कमी पाए जाने पर जांच की जा रही है।
सिद्धार्थनगर जनपद निवासी अखिलेश सिंह ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए रुधौली फीलिंग स्टेशन पर चोरी हुआ फर्जी तरीके से लाइसेंस लेने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र के आधार पर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी गुलाबचंद्रा, पूर्ति निरीक्षक शैलेश सिंह, जिले से आए सेल्स आफिसर अभिजीत सूर्यवंशी, बाट माप अधिकारी अशोक कुमार सिंह टीम, एसआई संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पेट्रोल पंप पर छापेमारी कर जांच की। जांच के दौरान पांच लीटर पेट्रोल का नापकर जांच किया तो तेल का माप व स्टाक सही पाया गया, जबकि गुणवत्ता की जांच के लिए तेल का सैंपल भी लिया गया। वहीं, पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने, यात्रियों के लिए छाजन की व्यवस्था न होने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। एसडीएम ने बताया कि पेट्रोलपंप प्रोपराइटर द्वारा पूर्व में सरकारी कर्मचारी होते हुए भी लाइसेंस स्वीकृत कराया गया है, जिस विषय पर जांच की जा रही है। इसके लिए पेट्रोल पंप संबंधी समस्त अभिलेख तलब किए गए हैं।