5,095 ने छोड़ दिया पीईटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2021 जिले के 61 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। पंजीकृत 41,222 परीक्षार्थियों में से 5,095 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षार्थियों की भीड़ के चलते जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न हुई और घंटों लोग जाम में फंसे रहे।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सभी केंद्रों सीसीटीवी से निगरानी की गई। केंद्रों को 18 सेक्टर में बांटा गया था, हर सेक्टर के लिए एक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा केंद्रों में एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। चार सचल दल के प्रभारी बीएसए जगदीश शुक्ला की टीम के केंद्रों का निरीक्षण किया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एक परीक्षा कक्ष में केवल 24 परीक्षार्थी नहीं बैठाए गए थे। केंद्रों पर प्रश्नपत्र केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में खोला गया। इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई है। किसी केंद्र से गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं मिली है।