घर व बाहर रखे सामान को पहुंचा रहे नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। पकरी सोयम गांव के लोग बंदरों से काफी परेशान हैं। करीब एक सप्ताह से बंदरों ने गांव में आतंक फैला रखा है। बंदर आए दिन किसी न किसी नागरिक पर हमला कर जख्मी कर दे रहे हैं। दो दिन पहले एक बुजुर्ग महिला सहित तीन लोगों को काटकर लहूलुहान कर दिया।
गांव वालों का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले पकड़ी सोयम में दर्जनभर से लंगूर बंदर पहुंचे। इसके बाद से वह सुखाने के लिए छत पर डाले गए कपड़े व अन्य समान को नुकसान पहुंचाने लगे। घर के अंदर व बाहर रखे सामान के नुकसान से आजिज आकर ग्रामीणों ने बंदरों को भगाना शुरू किया तो वह उग्र हो गए। जहां लोगों को अकेला पा रहे हैं बंदर उन पर हमला कर दे रहे हैं।
बुधवार को बंदरों के झुंड ने गांव के अमीरुल्लाह, हर्ष सिंह और पवित्रा देवी पर हमला कर दिया। इससे अमीरुल्लाह को आठ टांके लगवाने पड़े। पवित्रा के कमर का कूल्हा टूट गया और हर्ष सिंह के पीठ में घाव हो गया। बंदरों ने जगदीश, रविंद, प्रेमा देवी आदि को भी नुकसान पहुंचा चुके हैं। गांव के प्रधान धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि वन विभाग को अवगत कराया गया है। जल्द ही गांव में पिंजरा लगवाकर बंदरों को पकड़वाने का आश्वासन मिला है।