- एसडीओ के समझाने पर लोग माने, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
रुधौली। नगर पंचायत में अघोषित बिजली कटौती से नाराज नगर पंचायत के लोगों ने बृहस्पतिवार को उपकेंद्र रूधौली का घेराव किया। मौके पर पहुंचे एसडीओ के समझाने पर लोग माने और वापस लौट गए।
नगर पंचायत निवासी राजकुमार सोनी के नेतृत्व में सोनू, संदीप गुप्ता, राहुल जायसवाल, दिनेश चौरसिया, संजय, बब्बू, बिरजू, राजेंद्र समेत अन्य लोग नारेबाजी करते हुए बिजली उपकेंद्र रुधौली पहुंचे। वहां पर अधिकारियों का घेराव किया और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। लोगों की मांग थी कि रात में हो रही बिजली कटौती को रोका जाए। रात अगर बिजली कही फाल्ट होती है तो उसे बनाने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाए। साथ ही अवर अभियंता को रात में कस्बे में निवास करने, रोस्टिंग के अनुसार विद्युत कटौती की जानकारी आम जनता के बीच साझा करने की मांग की।
इसके अलावा स्थानीय लोगों ने विपरीत परिस्थितियों और आकस्मिक समस्या आने पर फोन न उठाने की शिकायत भी दर्ज कराई। सूचना पर पहुंचे एक्सईएन अरुण सिंह ने लोगों की समस्याओं को सुना और निदान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अब सभी अधिकारी नियमित रूप से फोन उठाएंगे यदि नहीं उठाते हैं तो इसकी सूचना तत्काल दीजिए। इस दौरान नामित सभासद विजय नारायण तिवारी समेत अन्य मौजूद रहे।