- 20 दिन पहले की बुकिंग पर दिया जा रहा टोकन, उपभोक्ता परेशान
- टोकन मिलने के बाद भी खत्म हो जा रहा स्टॉक
बस्ती। रसोई गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। 42 डिग्री तापमान में घंटों कतार में लगने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। 15 से 20 दिन पहले की बुकिंग के बाद भी लोग एजेंसियों से निराश लौट रहे हैं। एजेंसी कर्मचारी पिछले महीने का बैकलॉग पूरा करने की बात कहकर लोगों को लौटा दे रहे हैं।
बृहस्पतिवार को मालवीय रोड स्थित महादेव गैस एजेंसी, स्टेशन रोड स्थित रत्नाकर गैस एजेंसी, सिविल लाइंस स्थित कनक बिहारी गैस एजेंसी, पटेल चौक स्थित सन गैस एजेंसी, कटरा स्थित सहज गैस पर एजेंसी पर प्रचंड धूप में भी उपभोक्ता टोकन लेने के चक्कर में कतार में खड़े रहे। तपिश और लू के थपेड़ों के चलते कतार टूट जा रही थी। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग इधर-उधर पेड़ के नीचे खड़े होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे।
अधिकांश एजेंसियों पर 15 से 20 दिन पहले बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को टोकन नहीं दिया गया। प्रभात कुमार ने बताया कि उनके घर में सिलिंडर खत्म हो गया है। उनकी बुकिंग 16 दिन पहले हो गई है। घर पर सिलिंडर नहीं पहुंचने पर वह तीन बार कटरा स्थित एजेंसी पर चक्कर लगा चुके हैं। उन्हें अभी तक टोकन नहीं दिया गया।
वहीं, सुमन ने बताया कि उन्हें बुकिंग के 25 दिन बाद टोकन मिला है। अभी सिलिंडर के लिए गोदाम में लाइन लगानी पड़ेगी। धूप और भीषण गर्मी में एक सिलिंडर लेने के लिए बीमार होना पड़ रहा है। एजेंसी कर्मचारी घंटों कतार लगाने के बाद भी कुछ सुनने को ही तैयार नहीं हो रहे हैं। अविनाश कुमार ने बताया कि 20 दिन पहले की बुकिंग है। तल्ख धूप में लाइन लगाने के दौरान चक्कर आ जा रहा है, जबकि राकेश ने कहा कि टोकन मिलने के बाद सिलिंडर मिलना अभी तय नहीं है। इसके लिए वितरण स्थल पर दोबारा कतार में लगना पड़ेगा।
बढ़ता जा रहा बैकलॉग
एजेंसियों पर सिलिंडरों की आपूर्ति कम होने से बैकलॉग बढ़ता जा रहा है। शहर की अधिकांश एजेंसियों पर एक महीने पहले बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पाया है। एजेंसी संचालकों का कहना हैं कि बैकलॉग बिना आपूर्ति बढ़े पूरा होने वाला नहीं है। कुछ जानकार तो उपभोक्ताओं को रसोई गैस का दूसरा कोई विकल्प अपनाने की बात कर रहे हैं। बुधवार को भी जिले भर में केवल दस हजार सिलिंडरों की आपूर्ति हुई है। जबकि जिले की 40 एजेंसियों के माध्यम से 35 हजार से अधिक की उपभोक्ताओं की बुकिंग बताई जा रही है।
रसोई गैस सिलिंडरों की आपूर्ति लगातार हो रही है। इनमें बढ़ोतरी के लिए कंपनियों को पत्र लिखा जा रहा है। एजेंसियों पर सिलिंडर वितरित कराने के लिए पूर्ति निरीक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल निस्तारण कराया जा रहा है। - विमल कुमार शुक्ल, डीएसओ।