बस्ती। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में स्थित यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन, जनपद शाखा का कक्ष शनिवार को खाली करा लिया गया। विभाग ने अब इस कक्ष का उपयोग अपने कार्यालय संचालन के लिए करने का निर्णय लिया है।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि संबंधित कक्ष संगठन का कार्यालय नहीं, बल्कि विभागीय स्टोर रूम था। वहां रखा विभागीय सामान दूसरी जगह स्थानांतरित कराया जा रहा है। कक्ष को व्यवस्थित कर अब विभागीय कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त संगठन है, जिससे स्वास्थ्य विभाग के लिपिक संवर्ग के कर्मचारी जुड़े हैं।
कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संगठन सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। तत्कालीन सीएमओ ने संगठन को सीएमओ कार्यालय भवन के भूतल पर एक कक्ष आवंटित किया था। कक्ष के बाहर संगठन का नाम और पदाधिकारियों का विवरण भी प्रदर्शित किया गया था तथा वहां बैठकें भी आयोजित होती थीं।
जानकारों के अनुसार करीब पांच वर्ष पहले लिपिकों के बड़े पैमाने पर हुए स्थानांतरण के बाद संगठन की गतिविधियां लगभग ठप पड़ गईं। कार्यालय लंबे समय से बंद रहता था और अधिकांश समय उस पर ताला लटका रहता था। शनिवार को विभाग ने कक्ष खाली कराकर उसे अपने उपयोग में ले लिया।