कोरोना से बुजुर्ग की मौत, आठ लोग संक्रमित मिले
बस्ती। जनपद में बुधवार को कोरोना से आठ लोग संक्रमित पाए गए। जबकि कोरोना से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इस प्रकार तीसरी लहर में अब तक पांच की मौत हो चुकी है। इस प्रकार अब तक 335 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के अनुसार पहले से पॉजिटिव 17 लोग निगेटिव हुए हैं। जिले में अब 87 एक्टिव केस हैं।
बुधवार को 1253 नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने की है। बताया कि कोरोना का संक्रमण कम हो रहा है, मगर चुनौती अब भी बरकरार है। अपने जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रित है। एक्टिव केस में तेजी से कम हो रहे हैं। जितने लोग पॉजिटिव हैं उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। उन पर स्थानीय स्तर पर बनाई गई टीम नजर रख रही है। हर दिन उनके स्वास्थ्य को लेकर टीम हालचाल लेती है। कहा कि कोरोना टीकाकरण के चलते लोगों को राहत मिली, मगर सभी को गाइड लाइन का पालन करना चाहिए। कहा कि भीड़ भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। हर दिन टीम रेलवे स्टेशन, रोडवेज व सार्वजनिक स्थल पर जांच कर रही है।