कोरोना से एक की मौत, 15 लोग संक्रमित पाए गए
बस्ती। जिले में बुधवार को 15 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जबकि, कोरोना पॉजिटिव एक मरीज की मौत हो गई है। अब तक जिले में तीसरी लहर में तीन मौत हो चुकी है। जबकि जिले में कुल 115 एक्टिव केस हो गए हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। जिले के विभिन्न स्थानों पर आरआरटी ने कुल 971 नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेजा है।
सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि जिले में अब तक पॉजिटिव 20 की रिपोर्ट निगेटिव हो चुकी है। जिले में 27 दिसंबर 2021 से तीसरी लहर के पॉजिटिव केस मिलने शुरू हुए थे। इसमें से अब तक केवल एक किशोर ओमिक्रॉन वैरिएंट का पाया गया है, जो पूरी तरह स्वस्थ है। इसके अलावा सभी सामान्य कोरोना संक्रमण के केस हैं। जिले में कहीं कोई गंभीर संक्रमित नहीं मिला है। मरीजों को होम क्वारंटीन करने के बाद उन्हें कोरोना किट देकर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है, उन्हें कहीं भी आने जाने की छूट है। मगर कोरोना गाइड लाइन का हर हाल में उन्हें पालन करना होगा। विदेश अथवा गैर प्रांतों से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। सभी को कोरोना गाइड लाइन पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह कोरोना की चुनौती से लड़ने को तैयार है।