अब आंखों में इंफेक्शन का खतरा, बढ़े मरीज
गौर(बस्ती)। बारिश के बाद नमी युक्त गर्मी और प्रदूषित वातावरण हानिकारक साबित हो रहा है। डायरिया और वायरल फीवर जैसी बीमारियों के अलावा आंखों में भी वायरल इंफेक्शन फैल रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों पर ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सीएचसी गौर पर तैनात नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र यादव ने बताया कि इस मौसम में वातावरण में गंदगी अधिक फैली रहती है। बारिश के बाद तेज धूप निकलती है तो इधर-उधर सड़कों और गांवों में भरा पानी सूखने लगता है, जिसके चलते आंखों में वायरल इंफेक्शन होता है। यह मौसम बैक्टीरिया और वायरल के लिए अनुकूल है। थोड़ी सी लापरवाही पर आंखों में इंफेक्शन हो सकता है। रोशनी पर प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में सावधानी ही कारगर इलाज है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुसहा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नफीस अहमद खान ने बताया कि पहले दो से तीन मरीज आते थे, अब संख्या बढ़ गई है। इस समय जहां लोग डायरिया और वायरल फीवर की चपेट में हैं, वहीं आंखों की बीमारी भी झेल रहे हैं। इस मौसम में सावधानी बरतनी होगी। डॉक्टरों के मुताबिक बीमारी के लक्षणों में आंखों का लाल होना तो है ही, इसके अलावा आंखों से कीचड़ या पानी आना, चुभन होना, तेज धूप बर्दाश्त न होना आदि लक्षण हैं। इससे बचने के लिए धूप में चश्मा पहनकर निकलना चाहिए। यदि किसी के घर में कोई पीड़ित है तो उसके सामान का प्रयोग नहीं करना चाहिए। आंखों में चुभन या कीचड़ अथवा लाल होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें। यदि आप किसी पीड़ित के संपर्क में आ रहे हैं तो साबुन से हाथ अवश्य धो लें।