सबसे अमीर प्रत्याशी हैं कांग्रेस के नौवीं पास बसंत चौधरी
बस्ती। विधानसभा के लिए नामांकन पत्रों के साथ उम्मीदवारों ने संपत्ति, शैक्षिक योग्यता व आपराधिक मामलों की घोषणा की है। रुधौली विधानसभा से नौंवी पास कांग्रेस उम्मीदवार बसंत चौधरी सबसे अमीर हैं। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 16 करोड़ रुपये से अधिक बताई है।
हिंदी से परास्नातक पास सदर विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र श्रीवास्तव ने नामांकन में 10 लाख 98 हजार 927 रुपये की चल व 85 लाख रुपये की अचल संपत्ति की घोषणा की है। जबकि, पत्नी के पास नौ लाख 96 हजार की चल संपत्ति है। उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। नौवीं पास कांग्रेस से रुधौली प्रत्याशी बसंत चौधरी तीन करोड़ एक लाख 38 हजार 417 चल व 13 करोड़ 35 लाख 400 रुपये की अचल संपत्ति की घोषणा किया है। जबकि, पत्नी के पास 24 लाख 10 हजार रुपये की चल व 77 लाख 84 हजार रुपये की अचल संपत्ति है। बसंत पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। स्नातक पास कप्तानगंज से बसपा प्रत्याशी जहीर अहमद ने दो करोड़ 38 लाख 79 हजार 209 रुपये चल व 15 लाख की अचल संपत्ति की घोषणा की है। पत्नी शारबा कौसर के पास सिर्फ तीन लाख सात हजार की चल संपत्ति है। जहीर के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। परास्नातक पास कप्तानगंज से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार संजय कुमार ने 31,148 रुपये चल व 30 लाख की अचल संपत्ति की घोषणा की है। जबकि, पत्नी एक लाख 21 हजार की चल संपत्ति है। इनके ऊपर कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। इंजीनियरिंग पास हर्रैया विधानसभा से आप उम्मीदवार सुरेश कुमार सिंह ने 1 करोड़ 17 लाख दो हजार 225 रुपये चल व 12 लाख 50 हजार की अचल संपत्ति की घोषणा की है। जबकि पत्नी नीलम सिंह पांच करोड़ 60 लाख रुपये चल व 12 लाख 50 हजार की अचल संपत्ति की मालिक हैं। इनके ऊपर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।