बस्ती। रेलवे के मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेन निरस्त और कई मार्ग परिवर्तित कर चलाई जा रही है। इससे ट्रेन से सफर करने वालों की दुश्वारियां बढ़ गई है।
इसमें अब शनिवार से राप्तीसागर एक्सप्रेस भी निरस्त कर दी गई है। अभी एक सप्ताह तक यही स्थिति बनी रहेगी है। तब तक यात्रियों को अधिक किराया देकर बसों या निजी साधनों से सफर करना पड़ेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे में 12 अप्रैल से मेगा ब्लाॅक चल रहा है। इसके कारण कई ट्रेन निरस्त और कई ट्रेन मार्ग परिवर्तित करके चलाई जा रही है। 26 अप्रैल से तीन मई तक और भी ट्रेनों को निरस्त किया गया है। सहालग के सीजन में मेगा ब्लाॅक से यात्री परेशान हैं। उनका समय और पैसे दोनों बर्बाद हो रहे हैं। कल 27 अप्रैल से राप्तीसागर एक्सप्रेस को भी चार मई तक निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा गोरखधाम एक्सप्रेस और गोंडा पैसेंजर पांच मई, पाटलीपुत्र और शहीद एक्सप्रेस, एलटीटी तीन मई तक निरस्त रहेगी।
यशवंतपुर एक्सप्रेस और मुंबई अंत्योदय मंगलवार को निरस्त है। कई अन्य ट्रेन भी निरस्त की गई हैं। कई ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित करके चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ गई है। आम्रपाली आम्रपाली, बाघ एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, दरभंगा नई दिल्ली समेत अन्य ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित करके चलाया जा रहा है।
बस्ती के कप्तानगंज निवासी मोहन गुप्ता रेलवे आरक्षण केंद्र पर पहुंचकर यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट निरस्त करा रहे थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि यशवंतपुर में काम करते हैं। छुट्टी लेकर घर आया था। उस समय वापसी का टिकट भी मिल गया था, आने वाले मंगलवार को वापसी करना था, मोबाइल पर ट्रेन कैंसिल होने का मैसेज आने पर टिकट कैंसिल कराने आया हूं। ट्रेन बदलकर भी जा सकता हूं, लेकिन यहां तो ज्यादातर ट्रेन निरस्त है। समझ में नहीं आता कैसे यात्रा की जाए। अब तीन तारीख के बाद ही यात्रा संभव हो पाएगी।