गौर। रेलवे स्टेशन के पश्चिम आईटीआई कॉलेज के पास शनिवार को दोपहर में अज्ञात कारणों से रेलवे लाइन किनारे झाड़ियां में आग लग गई। इसके चलते दरभंगा से चलकर जालंधर सिटी को जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को गौर रेलवे स्टेशन पर लगभग 28 मिनट तक खड़ी रही।
पूर्वोत्तर रेलवे के आदर्श रेलवे स्टेशन गौर के पश्चिम आईटीआई कॉलेज के पास रेल लाइन किनारे झाड़ियां में आग लगने से रेल कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते कि आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी।
आग लगने की सूचना रेल कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले आसपास व रेल कर्मचारियों ने अपने स्तर से आग को बुझाया। दोपहर 12:20 बजे गोरखपुर-बस्ती की तरफ से गोंडा की ओर जाने वाली दरभंगा-जालंधर एक्सप्रेस ट्रेन रन थ्रू जा रही थी, जिसे गौर रेलवे स्टेशन पर आग के चलते रोकना पड़ा। आगे बुझाने के बाद एक्सप्रेस ट्रेन को 12:48 बजे आगे के लिए रवाना किया गया। आगजनी घटना के चलते स्टेशन पर लगभग 28 मिनट तक एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी रही। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने आग पर काबू पा लिया, नहीं तो कई अन्य ट्रेनें प्रभावित होतीं।
आरपीएफ चौकी प्रभारी बभनान विश्वामित्र यादव ने बताया कि गौर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ियाें में आग लगी थी। रेल कर्मचारी व आसपास के लोगों के सहयोग से समय रहते आग पर काबू पर लिया गया। कोई क्षति व हताहत नहीं हुआ है।