‘योगी सरकार को बदनाम करने की साजिश है लूटकांड’
बस्ती। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सांसद हरीश द्विवेदी ने गोरखपुर में सराफा व्यवसायियों से हुई लूट को प्रदेश सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में अधिकारियों व अन्य लोगों के हाथ होने की आशंका है। इसकी एसआईटी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव गृह तथा डीजीपी से मिलकर पत्र देंगे।
सांसद सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब थे। कहा कि सूबे में बेहतर कानून व्यवस्था चल रही है। इस बीच पुरानी बस्ती थाने में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों ने गोरखपुर में लूट की घटना को अंजाम दिया। सांसद ने इसे साजिश करार देते हुए कहा कि योगी सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसा किया गया है। इसमें जांच हो तो कई और चेहरे उजागर हो सकते हैं। सरकार की छवि पर दाग लगाने वाले आरोपितों तथा उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारी को तभी बेनकाब किया जा सकता है, जब इस प्रकरण की तह तक जाया जाए।
एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि बस्ती महोत्सव की जो परंपरा हमने दो साल पहले डाली थी, उसे इस बार भी बरकरार रखा जाएगा। भले ही उसका स्वरूप पिछले साल की तरह न हो। इस कार्यक्रम को आडिटोरियम में कराने की तैयारी है। इसकी तिथि 19, 20 और 21 फरवरी तय की गई है। कोरोना के चलते इस बार भीड़ से बचाकर कार्यक्रम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को जिले के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के लिए बस्ती महोत्सव की परंपरा डाली गई है, जो अनवरत चलती रहेगी।