महुली मार्ग पर थरौली के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। बस्ती-महुली मार्ग के पाकरडाड़ और थरौली के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार की देर रात पैदल आ रहे भट्ठा मजदूर की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के थरौली गांव निवासी 47 वर्षीय राम दयाल पुत्र राम नयन रविवार की रात भुवनी भट्ठे से मजदूरी कर पाकरडाड़ की तरफ से पैदल अपने घर आ रहा था। गांव के पास पेट्रोल पंप के पास बेकाबू वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। इससे वह दूर जा गिरा। राहगीरों में किसी ने पहचान कर उसके घर फोन किया।
जब तक घर वाले व पुलिस पहुंची इससे पहले राम दयाल की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़, चौकी प्रभारी महसों अनस अख्तर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राम दयाल के परिवार में पत्नी सुनीता, बेटा जितेंद्र (20), महेंद्र (16), महिमा (18), प्रियंका,(14), साधना (12) सहित अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।