जिले भर में क्लस्टर बनाकर कराया जाएगा टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोरोनारोधी टीकाकरण की गति और बढ़ाने के लिए सोमवार को जिले भर में क्लस्टर बनाकर टीकाकरण होगा। जिले में आयोजित इस मेगा शिविर में 50 हजार से अधिक लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन की डोज दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि प्रत्येक ब्लाक पर लगभग 3500 कोविड के टीके लगाए जाएंगे। सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने सीएचसी व पीएचसी पर हेल्प डेस्क सक्रिय करें। टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जो लोग टीका अभी तक नहीं लगवाए हैं वह अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर पंजीकरण कराते हुए टीका लगवा सकते हैं। अपने मोबाइल पर भी स्लाट बुक करके भी टीका लगवा सकेंगे। कोविशील्ड की 50 हजार डोज जिले में उपलब्ध हैं। इसके अलावा को-वैक्सीन की भी डोज उपलब्ध है। अब तक जिले में 10,16,694 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसमें 45 वर्ष से ऊपर के 515057 जबकि 18 वर्ष या उससे ऊपर वालों में 510637 लोग शामिल हैं।