नेपाल में मिला अपहृत मासूम, आरोपी भी पकड़ा गया
नगर बाजार (बस्ती)। जनपद के नगर थाना क्षेत्र के टेमा गांव से अपहृत मासूम बुधवार को नेपाल के भुटवल में मिल गया। अपहरण के आरोपी को भी पकड़ लिया गया है। लेकिन, अभी वह नेपाल पुलिस की गिरफ्त में है। जबकि बच्चे को बस्ती पुलिस ने अभी अभिरक्षा में ले लिया है। आरोपी नेपाली नागरिक देवेंद्र को अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत बस्ती लाया जाएगा।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम टेमा निवासी मो.अरशद का साल का बेटा अब्दुल रहमान सोमवार सुबह करीब 11 संदिग्ध परिस्थितियों लापता हो गया। मामले में उसके ताऊ मो. असलम अंसारी ने नगर थाना में देवेंद्र कुमार न्यूपा निवासी सुनवल बाजार जिला नवलपासी नेपाल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया कि वह वह बच्चे को लेकर नेपाल चला गया है। इसके बाद से पुलिस बच्चे की तलाश कर रही थी। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नेपाल के रुपनदेही जिले के भुटवल के पास से स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी देवेंद्र कुमार न्यूपा निवासी सुनवल बाजार, जिला नवलपरासी नेपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से मिला बच्चा सकुशल है। अब्दुल रहमान को पुलिस टीम ने अभिरक्षा में ले लिया है। जबकि आरोपी को अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत बस्ती लाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
तेरह महीने पहले टेमा आया था देवेंद्र
अब्दुल रहमान के एक ताऊ जलालुद्दीन पेशे से ट्रक चालक हैं। जनवरी 2021 में वह ट्रक लेकर नेपाल के सुनवल बाजार जनपद नवलपरासी गए। जहां उनकी मुलाकात देवेंद्र कुमार न्यूपा से हुई। बातों ही बातों में जलालुद्दीन व देवेंद्र कुमार न्यूपा से पहचान हो गई। जलालुद्दीन ने देवेंद्र कुमार न्यूपा को यूरोप जाकर नौकरी करने की सलाह दी। इसके एवज में उसे कुछ रुपयों का इंतजाम करने को कहा। देवेंद्र ने रुपयों का इंतजाम कर वीजा के लिए जलालुद्दीन से कहा। लेकिन, जब काफी इंतजार के बाद भी वीजा नहीं मिला तो देवेंद्र कुमार न्यूपा जलालुद्दीन के घर आकर रहने लगा और रुपये वापस करने का दबाव बनाने लगा। इस बीच उसके जलालुद्दीन के घर रहते 13 महीने गुजर गए। इस दौरान परिवार के सदस्यों से घुलमिल गया। सोमवार को देवेंद्र और अब्दुल रहमान एक साथ लापता हो गए। इसी से उसके अपहरण करने की आशंका को बल मिला।
गोंडा के दो युवकों पर धोखाधड़ी का मुकदमा
बस्ती। अब्दुल रहमान की गुमशुदगी के मामले में नगर पुलिस ने अब गोंडा के रहने वाले दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। भतीजे अब्दुल रहमान के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराने वाले उसके बड़े पिता मो. असलम ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई जलालुद्दीन समेत अन्य लोगों से करीब साढ़े छह लाख रुपये गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र टिकरी निवासी अजीज व उसके भाई भोला ने बीस फरवरी 2021 को ले लिया था। इसके बदले इन लोगों ने फर्जी वीजा भी थमा दिया था। इसकी जानकारी होने पर जब पैसा वापस मांगा गया तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस जांच के अनुसार जलालुद्दीन की मदद से उसके यहां काम करने वाले नेपाली नागरिक देवेंद्र ने भी वीजा के लिए पैसा दिया था।