रुधौली। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका पर तेजाब फेंकने के आरोप के मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपी युवक की प्रेमिका के बयान के बाद पुलिस ने उसे उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया। हालांकि, उसे थाने के संपर्क में रहने की हिदायत दी गई है। वाल्टरगंज क्षेत्र निवासी प्रभावती ने रुधौली पुलिस को तहरीर देकर मुंगरहा निवासी निखिल कुमार पर अपनी सात वर्षीय नातिन पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया था। इसी दौरान बालिका की बुआ ने पुलिस को तहरीर देकर निखिल के साथ एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात कही।
युवती ने तहरीर में बताया कि दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन परिवार के लोग इसके लिए राजी नहीं हैं। आरोप लगाया कि इसी वजह से निखिल को मामले में फंसाने के लिए बालिका को ढाल बनाया गया। युवती का दावा है कि बालिका तेजाब से नहीं, बल्कि घर में खाना बनाते समय गर्म तेल से झुलसी थी। पुलिस ने उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपी युवक को उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।