संवाद न्यूज एजेंसी बस्ती/नगर बाजार। किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त का इंतजार कर रहे जिले के चार लाख 09 हजार 324 किसानों के लिए खुश खबरी है। बिहार के भागलपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को 19वीं किस्त जारी कर दी है।
कार्यक्रम का कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के भारतरत्न नानाजी देशमुख सभागार में सीधा प्रसारण दिखाया गया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी की मौजूदगी में प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही, त्वरित मक्का उत्पादन विकास योजना के तहत जायद और तिलहन कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस माैके पर विशिष्ट अतिथि हर्रैया के विधायक प्रतिनिधि पं. सरोज मिश्र व कप्तानगंज के विधायक प्रतिनिधि गुलाब सोनकर के अलावा सीडीओ जयदेव सीएस, उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्य, जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी व बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।