वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुए जेल का निरीक्षण
बस्ती। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल और जनपद न्यायाधीश के निर्देश पर बृहस्पतिवार को जिला कारागार में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निरीक्षण तथा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस दौरान बंदियों को जेंडर जस्टिस, घरेलू हिंसा, बाल न्याय, वरिष्ठ नागरिक अधिकार आदि विषय पर जानकारी दी गई। निरीक्षण में जेलर ने कारागार में 16 बंदियों के कोरोना पाजिटिव होने की जानकारी दी।
बताया कि सभी बैरकों का नियमित सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है और बंदियों के पास मास्क उपलब्ध है। मुलाकातें बंद हैं, बंदियों के परिवार वालों से सप्ताह में दो बार बातचीत कराई जाती है। शिविर में डिप्टी जेलर सुनील कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।