बस्ती। बस्ती क्लब परिसर में रविवार को 50वीं जूनियर बालक जोन सी ओपन स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय डे-नाइट प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन सतीश चंद्र त्रिपाठी, संजय मिश्रा और जीडी मिश्रा ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
यह प्रतियोगिता मनीष मिश्रा की पहल पर आयोजित की जा रही है। संजय मिश्रा ने कहा कि उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि बस्ती की स्थानीय और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देने की है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
जीडी मिश्रा ने कहा कि प्रतियोगिता गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को जिला स्तर से आगे प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता ग्रामीण और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच दे रही है।
ओम पांडेय और सतीश चंद्र त्रिपाठी ने भी आयोजन की सराहना की। प्रतियोगिता में गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, बस्ती, अंबेडकरनगर, गोंडा, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी हॉस्टल और सिद्धार्थनगर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस दौरान आलोक पांडेय, इश्तियाक हुसैन, शिवेंद्र पांडेय और अमरेश पांडेय ने आयोजन में सहयोग किया।