हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप, केस
लालगंज थाना क्षेत्र के जिगिना देव में हुई थी 17 मई को घटना
मुंडेरवा थाने के पड़ियापार में था मृतका सरोजा का मायका
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 17 मई को लालगंज थाना क्षेत्र के तेनुवा ग्राम पंचायत के परसहिया जिगिनादेव गांव में विवाहिता का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। उसका शव कमरे में दुपट्टे के सहारे कुंडी से लटकता मिला था।
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के पड़ियापार की रहने वाली सरोजा देवी (26) की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व लालगंज थाने के परसहिया जिगिनादेव गांव निवासी दयाशंकर उर्फ गुड्डू के साथ हुई थी। दोनों की एक तीन साल की बेटी है। दयाशंकर पहले मेडिकल स्टोर चलाता था। वर्तमान में घर पर ही रहता था। 17 मई को दिन में करीब तीन बजे सरोजा का शव घर में छत की कुंडी से लटकता मिला था। मृतका सरोजा देवी के पिता रामजस चौधरी का आरोप है कि दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर दामाद दयाशंकर उर्फ गुड्डू आए दिन बेटी को प्रताड़ित करता था। 17 मई को भी बेटी को मारापीटा। उसकी हत्या करके फंदे से लटका दिया गया ताकि इसे लोग आत्महत्या समझे। थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मृतका सरोजा देवी के पिता की तहरीर पर पति गुड्डू उर्फ दयाशंकर के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।