बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, शहर से गांव तक पानी-पानी
- मालवीय मार्ग, रेलवे स्टेशन रोड, चइयाबारी की सड़क पर जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर से लेकर गांव तक बारिश ने जन जीवन को प्रभावित किया है। इसके चलते माध्यमिक स्कूलों में उपस्थिति न के बराबर रही। शहरी क्षेत्र में बारिश के चलते सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। मालवीय मार्ग, रेलवे स्टेशन रोड, दक्षिण दरवाजा मार्ग व चइयाबारी की मुख्य सड़क पर पानी भर गया है।
शहरी क्षेत्र में कहीं-कहीं पानी भरा है, मगर अधिकांश स्थान बारिश रुकने के बाद पानी हटने से ठीक हो गए। हालांकि मालवीय मार्ग पर तो सबसे ज्यादा बुरी स्थिति है। यहां गैस पाइप लाइन डालने के कारण सड़क की पटरियां खोद दी गई हैं और अब तक जहां पाट दिया गया है वहां गहरा गड्ढा बन जा रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
सड़कों पर पानी भरने से राहगीर परेशान
महराजगंज(बस्ती)। बारिश के चलते क्षेत्र प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया है। जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। उसके बाद भी जिम्मेदार मामले से अनजान बने हुए है।
कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र के हाईवे का कस्बा महराजगंज के सर्विस रोड, कप्तानगंज से नगर मार्ग पर वायरलेस चौराहा, थाना चौराहा, भवनापुर, कप्तानगंज से दुबौलिया मार्ग पर मनिकरपुर, महुलानी, गोविंदपारा, पंडुल, रखिया और फेरसहन, पोखरा से चिलमा मार्ग पर महुरैया, गुवाव, सैनिया, कप्तानगंज से टिनिच मार्ग पर नकटी देई, रेहरवा, एकटकवा, दुबौला चौराहा, हरदी चौराहा, तेनुई मंदिर हथिनाश चौराहा, महराजगंज से बेलघाट मार्ग पर नरायनपुर तिवारी, बजरिया चौराहा, फरेंदा सेंगर, भुड़कुलगंज, बेलघाट बाजार, पढ़नी सहित कई प्रमुख चौक चौराहों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। जिसके चलते राहगीरों जोखिम के बीच यात्रा करनी पड़ रही है। लोकनिर्माण विभाग के जेई हरीश तिवारी ने बताया कि पटरियों पर अतिक्रमण और लगातार बरसात होने से जलभराव की समस्या बनी है। इसे ठीक कराने के लिये टीम लगाया गया हैं। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जायेगा।
सड़क पर पेड गिरने से बाधित रहा बस्ती-डुमरियागंज मार्ग
भानपुर। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग के मोहम्मदनगर नर्सरी के पास सड़क पर दोपहर मे शीशम का अचानक पेड गिर जाने मार्ग अवरूद्व हो गया। जिसके चलते दोनो तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। पेड़ गिरने से सड़क पर जाम लगने की सूचना मिलते ही असनहरा चौकी से मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने वन विभाग की मदद से पेड़ को कटवाकर रास्ते से किनारे कराया गया तब जाकर आवागमन बहाल हो सका।
बारिश में टपक रहा विद्यालय ध्वस्त होने का खतरा
नगर बाजार। बहादुरपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगर बाजार की छत दरक गई है। विद्यालय के कमरे में बरसात का पानी टपक रहा है। जिम्मेदारों के उदासीनता के चलते विद्यालय की मरम्मत नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से शिक्षक व छात्र जान जोखिम मे डालकर अध्ययन करने पर मजबूर हैं। भवन के छत के प्लास्टर टूटकर गिर रहे हैं। छत से पानी टपक रहा हैं। प्रधानाध्यापक डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय के मरम्मत के लिए विभाग को अवगत करा दिया गया है। बीईओ गरिमा यादव ने बताया कि कंपोजिट ग्रांट से विद्यालय ठीक कराने के लिए निर्देश दिया गया है। बीडीओ बहादुरपुर से भी संपर्क किया गया है। धन मिलते ही विद्यालय का मरम्मत करवा दिया जाएगा।