लकड़ी के बीच सोया मिला गुमशुदा बालक
बस्ती। मुंडेरवा थानाक्षेत्र के कुम्हिया मिश्रौलिया में आइस पाइस खेल रहा 13 वर्षीय बालक अपने पुराने मकान के खंडहर में छिपकर सो गया। परिवार के लोग उसके अपहरण की आशंका से ग्रसित होकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू की। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार शुक्ल ने बताया कि बालक सकुशल लकड़ी के बीच सोया मिला।
टिब्भू ने बृहस्पतिवार को लिखित सूचना दी कि उसका नाती राम शब्द उम्र 13 वर्ष शाम पांच बजे घर से खेलने के लिए निकला था जो अभी तक घर वापस नहीं आया। केस पंजीकृत कर बरामदगी की कोशिश में मौके पर पुलिस रवाना हुई। बच्चों से जानकारी लेकर गांव वाले गिरे हुए मकान जहां लकड़ी इत्यादि रखी गई है, उसी लकड़ी के बीच राम शब्द छिपकर सोया मिला। एसओ के अलावा टीम में एसआई श्याम मोहन त्रिपाठी, दिलीप कुमार सोनी, रीमा सिंह, आरक्षी रोहित कुमार, धनवंत गुप्ता, सोनू कुमार, जसवंत चौहान व चालक हनुमान यादव शामिल रहे।