संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कलवारी पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस, चोरी की एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। एसपी अभिनंदन ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पकड़े गए आरोपी पर 15 आपराधिक केस दर्ज हैं।
उसके कब्जे से शहर कोतवाली से चोरी बाइक बरामद की गई है। आरोपी पर हर्रैया थाने में गैंगस्टर का भी केस दर्ज है। एसपी ने बताया कि कलवारी थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद की टीम संदिग्ध लोगों और वाहन की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक शख्स बाइक से आता दिखा। संदेह के आधार पर इसे रोकने का प्रयास किया गया तो वह गाड़ी मोड़कर पीछे की दिशा में भागने लगा। यह देख पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान राज सिंह निवासी ग्राम खम्हरिया सुजात थाना हर्रैया के रूप में हुई।
उसके कब्जे से चोरी की बाइक, दो मोबाइल और तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है। पूछताछ करने पर आरोपी राज सिंह ने बताया कि नौ जनवरी को कोतवाली क्षेत्र के जखनी से बाइक को चुराया था। एसपी ने बताया कि राज सिंह पर हर्रैया, सोनहा, छावनी, पैकोलिया, दुबौलिया थानों में 15 केस पहले से दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, लूट, चोरी समेत अन्य आरोप हैं।