संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। परशुरामपुर क्षेत्र के शृंगीनारी बाजार में भवन निर्माण सामग्री की दुकान और दुकानदार के घर में चोरी का आरोपी लखीमपुर खीरी जिले का रहने वाला नौकर ही निकला। पुलिस ने उसे लखीमपुर खीरी से गिरफ्तार कर 20 लाख रुपये व जेवर बरामद किए।
एसपी अभिनंदन ने बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, शृंगीनारी में रामजनक वर्मा ने गिट्टी, मोरंग व सरिया की दुकान खोल रखी है।
दुकान के ऊपरी तल पर वह परिवार के साथ रहते हैं। उनका एक मैरिज हाॅल भी है। उनके घर में 13 जनवरी को एक कमरे में रखी अलमारी का ताला खोल कर उसमें रखा नकदी व आभूषण चोरी हो गया था।
परिवार के लोगों का शक उनके मैरिज हॉल में रहने वाले नौकर सरवन कुमार मौर्या निवासी सरावल लौकाही मल्लापुर थाना ईशानगर जनपद लखीमपुर खीरी पर था। क्योंकि वारदात वाली रात को वह लॉबी में सोया था। वही घर के अंदर आता-जाता था।
उसके अतिरिक्त अन्य कोई भी घर के अंदर नहीं आता-जाता है। पुलिस ने सरवन कुमार मौर्य पर नामजद केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। एसपी अभिनंदन ने बताया कि 13 जनवरी की सुबह नौकर सरवन ने पिता की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर छुट्टी मांगी थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांव जाने की छुट्टी लेने के बाद 13 जनवरी को पूरे दिन मैरिज हॉल में छिपा रहा और रात होने का इंतजार किया।
रात में घर के अंदर घुसा और अलमारी खोलकर नकदी व जेवरात चुरा लिए। कई जेवरात की पोटली बनाकर शृंगीनारी में ही झाड़ियों में छिपाने के बाद गांव चला गया था।
वह कई लोगों का कर्जदार था, उसे चुकाने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया। 15 जनवरी की रात एसएचओ दिनेश चंद्र चौधरी की टीम ने सरवन को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.2 लाख रुपये नकद के अलावा कई जेवरात बरामद हुए।