खेत गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
रुधौली थानाक्षेत्र के एक गांव की घटना
नामजद तीनों आरोपित गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। थानाक्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि बुधवार देर शाम वह गांव के बाहर खेत में जरूरी काम से गई थी। वहां पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही तीन आरोपितों ने उसे जबरदस्ती पकड़ लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों ने बारी-बारी से उससे दुष्कर्म किया। इनके चंगुल से छूटने के बाद वह घर पहुंची और यूपी-112 पर घटना की सूचना दी। एसपी आशीष श्रीवास्तव, सीओ अंबिका राम, प्रभारी निरीक्षक राम कृष्ण मिश्र मौके पर पहुंचे। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजकर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गईं। रात में ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों नामजद आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पीड़िता का न्यायालय में कलमबंद बयान कराया जा चुका है। घटना के विभिन्न पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।