कोरोना: जिले में 83 नए पॉजिटिव मिले
अब 366 एक्टिव केस, 1201 नमूने जांच के लिए भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में हुई कोरोना की जांच में शनिवार को 83 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इस प्रकार जिले में कुल 366 एक्टिव केस हो गए हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। जिले के विभिन्न स्थानों पर आरआरटी ने कुल 1201 नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेजा है।
जिले में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने बढ़ते संक्रमण की पुष्टि करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण पर शिंकजा कसने के लिए टीकाकरण जरूरी है। प्रतिरक्षित लोगों को भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। जांच का दायरा बढ़ाने के क्रम में भीड़ भाड़ व सार्वजनिक स्थलों पर लोगों का नमूना एकत्रित किया जा रहा है। कोरोना संक्रमित लोगों को अभी होम क्वारंटीन किया जा रहा है, क्योंकि जितने भी संक्रमित मिले हैं, उनमें कोई भी गंभीर नहीं है। वैसे स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर रखी है। लेवल वन के चार अस्पतालों के अलावा हर्रैया में भी तीस बेड का कोरोना वार्ड बनाया गया है। इसके अलावा ओपेक चिकित्सालय कैली में संसाधनों से युक्त लेवल टू का अस्पताल संचालित हो रहा है। यहां मरीजों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी। लोगों को कोरोना से सचेत भी किया जा रहा है कि वह गाइड लाइन का पालन करें। भीड़भाड़ में जाने से बचें। रेलवे स्टेशन पर मुंबई, दिल्ली से आने वाले प्रवासियों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही चौक चौराहों पर टीम जांच कर रही है। शहर के सीमा पर एक टीम जांच कर रही है, जो नमूना एकत्रित कर मौके पर एंटीजन करती है। लक्षण वाले लोगों का नमूना आरटीपीसीआर के लिए भेजा जा रहा है।