बस्ती। जिले को हरा-भरा रखने के लिए वन विभाग की ओर से पौधारोपण महायज्ञ मनाया जाएगा। इसके तहत पूरे जिले में कुल 50 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। 12 जुलाई को वन विभाग की ओर से पूरे जिले में विविध आयोजन किए जाएंगे। इस कार्य में अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। आम बहार आपके द्वार कार्यक्रम और एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।
मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दानिश आजाद अंसारी होंगे। डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी ने बताया कि महायज्ञ के तहत पूरे जिले में पौधरोपण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग की ओर से 20 लाख पौधे और अन्य विभागों की ओर से कुल 30 लाख पौधे रोपे जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज हथियागढ़ बस्ती में होगा।
बताया कि वन विभाग के कुल 33 पौधशालाओं में सागौन, शीशम, जामुन, असना, खैर, मौलश्री, पीपल, बरगद, पाकड़, नींबू, आम, अमरूद, इमली, आंवला व फलदार पौधों की विभिन्न प्रजातियों के 74 लाख पौधे लगे हैं। वन महोत्सव के तहत वन विभाग की ओर से आम भंडारा, आम बहार आपके द्वार कार्यक्रम का भी आयोजन सभी ब्लॉकों में किया जा रहा है।
इस महायज्ञ के तहत विभाग की ओर से मिशन छाया, वंदे मातरम् वाटिका, महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन, अविरल धारा पौधरोपण और सहजन भंडार भी स्थापित किया जा रहा है। इससे बस्ती धरा और हरा-भरा होगा।
कोट
12 जुलाई को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पर्यावरण राज्यमंत्री शामिल होंगे। तैयारी पूरी कर ली गई। लक्ष्य के अनुसार, पौधे रोपित कराएंगे।
-डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीएफओ, बस्ती।