फूड इंस्पेक्टर व नेपाली ठेला व्यवसायियों में झड़प
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर में शुक्रवार को देर शाम सात बजे ठेला पर मोमोस बेच रहे नेपाली विक्रेताओं से खाद्य एवं औषधि निरीक्षक से झड़प हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई।
यह मामला देखते देखते औषधि एवं खाद्य विभाग के आयुक्त तक पहुंच गया और उनके जरिए डीआईजी तक यह बात पहुंच गई। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि प्रकरण की छानबीन की जा रही है। नेपाल के काठमांडू का रहने वाले प्रदीप कामा व संदन कामा के अनुसार एक दिन पहले बृहस्पतिवार को खाद्य एवं औषधि विभाग के निरीक्षक व चपरासी ने पहुंच कर उनके ठेले पर रखी हुई चटनी फेंक दी थी।
लाइसेंस बनवाने के नाम पर नौ हजार रुपये ले लिए। शुक्रवार को देर शाम दोबारा पहुंच कर उससे लाइसेंस बनवाने के एवज में रुपये की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद होने लगा। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दिया तो पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई।
इस बीच खाद्य एवं औषधि विभाग की उपायुक्त शीला पांडेय व औषधि व खाद्य अधिकारी अपूर्व श्रीवास्तव भी कोतवाली पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने अपने औषधि आयुक्त को भी सूचना दे दी। आयुक्त ने इसकी सूचना डीआईजी को दे दी। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की बातें सुनी जा रही हैं और प्रकरण की जांच की जा रही है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि अगर ठेला व्यवसायियों से नौ हजार रुपये लिए गए हैं और उसके एवज में रसीद नहीं दिए गए तो इसकी भी जांच की जाएगी।