- बनकटी क्षेत्र के सिंदुरिया गांव का मामला
महादेवा। बनकटी क्षेत्र के सिंदुरिया में बृहस्पतिवार की सुबह गांव के पश्चिम तरफ स्थित तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां मृत अवस्था में मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि किसी अराजक तत्व ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया। इससे मछलियां मर गईं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजन पुत्र विंदेश्वरी ने तालाब में मछली पालन कर रखा था। बृहस्पतिवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों को तड़पते और मृत अवस्था में देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल लोगों और पशुओं को तालाब का पानी इस्तेमाल करने से रोक दिया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो सके। मामले की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तथा मुंडेरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
गांव के लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।