चुनाव की रंजिश में मारपीट, एक की मौत
रुधौली (बस्ती)। बहादुरपुर गांव में प्रधानी चुनाव में करीबी मतों से हुई हार के चलते बढ़ी रार ने रविवार देर रात बवाल का रूप ले लिया। दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात की गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर ग्राम प्रधान सहित 15 लोगों को नामजद किया है।
लोगों की मानें तो चार दिन पहले इसी विवाद में पुलिस ने सख्ती दिखाई होती तो रविवार को यह घटना न होती। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर गांव में रुधौली, सोनहा, वाल्टरगंज, मुंडेरवा, पैकोलिया थाने की पुलिस फोर्स के साथ एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। सोमवार को एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रधानी चुनाव को लेकर मारपीट हुई है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बहादुरपुर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान का चुनाव संपन्न होने के बाद से ग्राम प्रधान अमरदीप सिंह एवं गांव के अभिषेक सिंह के बीच रार चल रही थी। 30 जुलाई को विवाद हुआ था, जिसमें पुलिस ने नितेश सिंह व दुर्गेश सिंह को जेल भेजा था। जबकि अभिषेक सिंह पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। रविवार रात दोनों पक्षों मेें कहासुनी के बाद लोगों ने मारपीट की एवं जमकर लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलाए। घटना में ग्राम प्रधान पक्ष के 50 वर्षीय नीरज सिंह की मौत हो गई। दो लोगों की स्थिति को नाजुक देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इस मामले में एक पक्ष अजीत सिंह की तहरीर पर गांव के रामकेवल सिंह, अभिषेक सिंह, संतोष सिंह, झिनकू, अनिल सिंह व अमित सिंह, जबकि दूसरे पक्ष से अक्षय की तहरीर पर ग्राम प्रधान अमरदीप सिंह, पंकज सिंह, विपिन सिंह, दीपक सिंह, मृतक नीरज सिंह, सुरेंद्र, विमल सिंह, ऋषभ व किशन के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और एएसपी
बहादुरपुर ग्राम पंचायत में प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर हुए बवाल के बाद रविवार देर रात से ही गांव में अधिकारियों एवं पुलिस का जमावड़ा शुरू हो गया। सोमवार को एसडीएम आनंद श्रीनेत व एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने गांव में भ्रमण किया।