नगर बाजार(बस्ती)। गोरखपुर के एम्स में स्टोर कीपर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लखनऊ में तैनात रेलवे गार्ड और उसके साथी ने रुपये ऐंठकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। सीओ कलवारी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने गोमतीनगर विशाल खंड-एक निवासी रेलकर्मी रविन्द्र कुमार गौतम व उसके साथी भरत सिंह सुलभ नगर गोमतीनगर विस्तार लखनऊ के खिलाफ नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
नगर थानाक्षेत्र के बसहवा निवासी सोमनाथ ने डीआईजी, एसपी समेत अन्य अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया कि वह नौकरी के लिए इधर-उधर भटक रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात लखनऊ के गोमतीनगर विशाल खंड-एक निवासी पुराने परिचित रविन्द्र कुमार गौतम से हुई। रविन्द्र ने आश्वासन दिया कि दो लाख रुपये की व्यवस्था कर लो, वह अपने मित्र भरत सिंह के माध्यम से गोरखपुर एम्स में स्टोरकीपर की नौकरी लगावा देगा। उसने भरत सिंह से मुलाकात भी कराया और बस्ती रोडवेज पर बुलाकर 10 हजार रुपये नगद लिया। तीन-चार बार में आरटीजीएस के माध्यम से कुल दो लाख रुपये भरत सिंह के खाते में जमा करवा लिए।
सोमनाथ के अनुसार रुपये लेने के बाद 22 सितंबर 2024 को भरत सिंह ने सोमनाथ को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और स्टोरकीपर का बनावटी आईडी कार्ड देकर एम्स गोरखपुर भेज दिया। एम्स पहुंचने पर पीड़ित की न हाजिरी लगी और कोई कार्य मिला। जब उसने एम्स से जानकारी की तो पता चला कि उसकी नियुक्ति पूरी तरह फर्जी है। आरोप है कि जब सोमनाथ ने अपना पैसा वापस मांगा तो भरत सिंह ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।