संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से गौर-बभनान रेलवे स्टेशन के बीच समपार संख्या 220 पर सीमित ऊंचाई के सब-वे निर्माण कार्य के चलते बृहस्पतिवार से बस्ती के रास्ते जाने वाली कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
यात्रियों को ट्रेन पकड़ने गोरखपुर और गोंडा जाना पड़ेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के खलीलाबाद, बस्ती, गौर, बभनान के रास्ते जाने वाली जिन एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, उनमें 20 मार्च और दो अप्रैल को सहरसा-आनंद विहार टर्मिनस विशेष ट्रेन गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा के रास्ते चलाई जाएगी।
21 मार्च को आनंद विहार टर्मिनस-जोगबनी विशेष ट्रेन, दिल्ली-रक्सौल विशेष ट्रेन व आनंद विहार टर्मिनल सहरसा एक्सप्रेस ट्रेन गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर के रास्ते जाएगी। इसके चलते इन ट्रेनों का ठहराव मनकापुर, बभनान, गौर, बस्ती और खलीलाबाद रेलवे स्टेशनों पर उस दिन नहीं रहेगा।
तीन अप्रैल को जाने वाली मथुरा-छपरा एक्सप्रेस व आनंद विहार टर्मिनस बापूधाम मोतिहारी एक्सप्रेस ट्रेन गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए 80 किमी दूर गोरखपुर या 90 किमी दूर गोंडा रेलवे स्टेशन जाना पड़ेगा।