सौ दिन की कार्ययोजना में 1480 को मिलेगा ऋण
बस्ती। जिले में 100 दिवस की कार्ययोजना के तहत 1480 लोगों को ऋण देकर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। सभी बैंक ऋण वितरण की तैयारी पूरी करें। जुलाई के प्रथम सप्ताह में वृहद ऋण वितरण कैंप आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी एडीएम अभय कुमार मिश्र ने दी। वे जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऋण वितरण कैंप में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, माटी कला विकास, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंडअप योजना के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित कराया जाएगा। लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि वे निरंतर बैंकों से समन्वय स्थापित करके लक्ष्य पूरा कराएं। बैठक में विभिन्न औद्योगिक आस्थान में रिक्त पड़े प्लाट के आवंटन के बारे में चर्चा की गई। इसके लिए नए आवेदन पत्र आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। पूर्व में आवंटित प्लॉट पर अभी तक औद्योगिक गतिविधि प्रारंभ न करने वाले लोगों का प्लाट निरस्त कर नए उद्यमियों को आवंटित करने का निर्णय लिया गया।
आवंटन निरस्त करने के पूर्व उन्हें नोटिस जारी करने के लिए विभाग को निर्देशित किया गया। इसमें गनेशपुर स्थित मिनी औद्योगिक आस्थान में भूखंडों पर स्थापित औद्योगिक इकाइयों की स्थिति पर जांच समिति की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट पर विचार किया गया।
इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी के लिए यूपीसीडा, अधिशासी अभियन्ता सरयू नहर खंड-चार व पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया गया है। संचालन उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने किया। इस मौके पर अधिशासी अभियंता विद्युत संतोष कुमार, अजय कुमार सिंह, विनय कुमार दूबे, संजय तिवारी, लीड बैंक मैनेजर अविनाश चन्द्रा, ड्रग इंस्पेक्टर सीमा वर्मा, चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक कुमार, महासचिव हरीश चंद्र शुक्ला, अनिल सिंह रैकवार आदि मौजूद रहे।