बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के रौतापार गांव में बकाया वसूली और बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंची टीम से विवाद हो गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने टीम को मारने के लिए दौड़ा लिया।
उप केंद्र बनकटी के अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मारने के लिए दौड़ा लेने के आरोप में तीन लोगों पर केस दर्ज किया है।
उप केंद्र बनकटी के अवर अभियंता सरोज प्रसाद ने तहरीर में बताया है कि पांच फरवरी को दोपहर करीब दो बजे उच्चाधिकारियों के निर्देशन में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत लालगंज के रौतापार में शिविर लगाकर राजस्व वसूली और विद्युत विच्छेदन का कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोग आए और अपना विद्युत कनेक्शन बंद होने का बहाना बनाकर विवाद शुरू कर दिया।
उनसे अभिलेख मांगा गया तो जातिसूचक और अपशब्द कहते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। उनकी हरकत का मोबाइल में वीडियो बनाया जाने लगा तो बांस की लाठी उठाकर सभी ने मारने के लिए दौड़ा लिया। संवाद