जिले के 24 मेधावियों को सीएम ने किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। माध्यमिक विद्यालयों के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉपरों को रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। इन मेधावियों में अपने जिले के विभिन्न माध्यमिक स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 24 विद्यार्थी शामिल हैं।
प्रत्येक को 21-21 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री ने दिया है। इसमें 11 हाईस्कूल व 11 इंटर के विद्यार्थी शामिल हैं। जबकि दो छात्राएं संस्कृत विद्यालय की हैं, जिसमें रजनी ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया था, जबकि प्रदेश में चौथे स्थान पर संस्कृत बोर्ड में नीता रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जिले की सूची डीआईओएस से मांगी थी, जिसे पहले भेज दिया गया था। कार्यक्त्रस्म के मुताबिक 31 अगस्त को छात्र-छात्राओं को बुलावा भेजा गया। जिन्हें मुख्यमंत्री ने रविवार को लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के डॉ. आंबेडकर सभागार में सम्मानित किया।। सम्मान पाने वालों में आंचल शुक्ला, रानी सिंह, रुपाली चौधरी, शिवांगी द्विवेदी, नेहा सोनी, तनू सिंह, कुलदीप, शुलभ चौधरी, आंकाक्षा श्रीवास्तव, आंकाक्षा पांडेय, पूनम ओझा, नूपुर सिंह, ऋतिका राज, सबीहा आलम खान, अंकुर तिवारी, भूमिका पटेल, शिवांगी, हिमांशु गौतम, गोविंद शुक्ल, अमन शुक्ल, अभिषेक गुप्त, रजनी, नीता शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. बृजभूषण मौर्या ने बताया कि सम्मानित बच्चों ने जिले का गौरव बढ़ाया है।