दुबौलिया (बस्ती)। रामजानकी मार्ग पर दुबौलिया थानाक्षेत्र के कसैला बाबू गांव स्थित ग्लोबल स्कूल के सामने सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बोलेरो और सवारियों से भरे ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया, जिसमें चालक की मौत हो गई और सवार चार लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा दुबौलिया से विशेषकरगंज की ओर जा रहा था, तभी सामने दिशा से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं सूचना पर पहुंचे दुबौलिया पुलिस के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को ई-रिक्शा से निकालकर सीएचसी दुबौलिया पहुंचाया। वहां ई-रिक्शा चालक भगवानदीन (40) निवासी एगडेंगवा, शिवपूजन (32) निवासी चुईलकाजी और कमलेश (35) निवासी बेमहरी को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान चालक भगवानदीन ने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य घायलों में रितेश (8) और उसकी मां रोशनी (35) निवासी कौवाडाड़ शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है। थानाध्यक्ष शशांक सिंह ने बताया कि बोलेरो और ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।