विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास सोमवार शाम एक टैंकर से सड़क पर गिरे तरल पदार्थ के कारण नेशनल हाईवे पर फिसलकर कार, ऑटो समेत करीब एक दर्जन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम सड़क की सफाई में जुटी रही।
शंकरपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने गोरखपुर से लखनऊ जा रहे एक टैंकर का पिछले हिस्से का बर्बी (वाल्व) अचानक खुल गया। इससे टैंकर में रखा तरल पदार्थ लगभग सौ मीटर तक हाईवे पर फैल गया। टैंकर चालक ने गाड़ी रोककर टोंटी बंद तो कर दी, लेकिन तब तक सड़क पर काफी फिसलन हो चुकी थी।
फिसलन के कारण शाम लगभग चार बजे बस्ती से अयोध्या जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में चालक एखलाक, उनकी दो बहनें सबीना खातून और जायरा खातून, निवासी नवाबगंज गोंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दो मोटरसाइकिल सवार भी फिसलकर गिर पड़े। इसी बीच छावनी से विक्रमजोत जा रही यात्रियों से भरी एक ऑटो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उलट गई।
मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी विक्रमजोत शशि शेखर सिंह ने बताया कि हाईवे पर चिन्हित स्थान पर दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है और वाहनों को धीमी गति से निकलवाया जा रहा है। एनएचएआई टीम द्वारा सड़क की सफाई जारी है।