संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पा रही है। एक दिन पहले सीबीएचआई की टीम की जांच रिपोर्ट में सरकारी अस्पतालों की तमाम खामियां उजागर हुई हैं तो अगले दिन सीएमओ के निरीक्षण में लापरवाही सामने आई।
सीएमओ डॉ. आरएस दुबे सोमवार को अचानक सीएचसी मरवटिया पहुंचे। यहां एक चिकित्सक समेत कुल 9 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। सभी का एक दिन का वेतन बाधित कर दिया गया है।
सीएमओ सुबह करीब 11:30 बजे सीएचसी मरवटिया पहुंचे। इस दौरान डाॅ. इंद्रेश कुमार चौधरी, स्टाफ नर्स सरोज, अनीता पटेल, संगीता, फार्मासिस्ट राम शंकर, बीसीपीएम अखिलेश त्रिपाठी अनुपस्थित पाए गए। डेंटल हाईजेनिस्ट सुरेंद्र कुमार पांडेय का हस्ताक्षर बना हुआ था, मगर मौके पर मौजूद नहीं मिले।
सीएमओ ने बताया कि हेल्थ सुपर वाइजर रमेश चंद्र श्रीवास्तव का हस्ताक्षर फर्जी प्रतीत हुआ। वह भी अनुपस्थित मिले।
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. विनोद द्वारा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कोई सक्रियता देखने को नहीं मिली। सीएमओ अधीक्षक पर काफी नाराज हुए। निर्देशित किया कि सीएचसी पर रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं।