संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद को पिकौरा शिवगुलाम समेत अन्य मोहल्लों में टूटी नालियों की अतिशीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह निर्देश मोहल्लों की साफ-सफाई आदि की व्यवस्था की निगरानी के लिए नामित अधिकारियों की रिपोर्ट पर दिया है।
जिलाधिकारी ने नालियों की नियमित सफाई कराने का भी निर्देश दिया है। गत दिनों जिलाधिकारी की ओर से नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संचित मोहन तिवारी और प्रशासनिक अधिकारी राम कुमार पाल ने पिकौरा शिव गुलाम, चिकवा टोला, तुरकहिया, बिशुनपुरवा, माली टोला तथा पठान टोला एवं महारी खावा वार्ड की साफ सफाई का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पाया गया कि मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर झाड़ू लग रहा है, साफ-सफाई ठीक है। पूछताछ करने पर लोगों ने भी बताया कि नियमित रूप से साफ सफाई की जाती है, लेकिन नाली टूटी होने के कारण उसके लिए में सफाई नहीं हो पाती है। जिसके कारण उसमें सिल्ट भरा रहता है। पानी का बहाव ठीक नहीं रहता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि अभियान चलाकर सभी वार्ड में टूटी नालियों की मरम्मत कराई जाए।