हरैया। कस्बे के एक निजी इंटर काॅलेज में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में शनिवार को प्रशिक्षण लेने गए कर्मचारियों ने प्रबंधक पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मामला शांत कराया, परंतु कर्मचारी वहां प्रशिक्षण लेने के लिए तैयार नहीं हुए। जिसके बाद केंद्र बदलने के निर्णय व प्रबंधक द्वारा किसी मानवीय चूक पर खेद प्रकट करने के बाद करीब दो घंटे चला हंगामा शांत हुआ।
प्रशिक्षण के लिए गए शिक्षकों का आरोप है कि जब वह प्रशिक्षण लेने गए तो मास्टर ट्रेनर नहीं आए थे। इस केंद्र पर छह कक्षों में जनगणना प्रशिक्षण चल रहा है। जिसके चलते लोग मास्टर ट्रेनर के इंतजार में गेट पर खड़े थे। इस दौरान प्रबंधक कर्मचारियों केा स्कूल परिसर से बाहर निकालने लगा और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। करीब साढ़े 10 बजे इस बात को लेकर प्रशिक्षण में आए सैकड़ों शिक्षक हरैया-बभनान मार्ग पर आ गए और प्रदर्शन किया।