रेलवे ट्रैक के किनारे मिला व्यक्ति का शव
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर पुलिस ने कराई शिनाख्त
पैकोलिया थाने के मजगंवा निवासी थे नेबूलाल
बभनान (बस्ती)। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान के रेलवे समपार फाटक संख्या 221 सी के पास गौर पुलिस को शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया वायरल कर शिनाख्त कराई।
बभनान रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ने सुबह गौर पुलिस को सूचना दी गेट संख्या 221 के करीब एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करने में जुट गई। शव की पहचान पैकोलिया थानाक्षेत्र के मजगवा गांव निवासी 55 वर्षय नेबूलाल के रूप में हुई। उसके सिर, हाथ व पैर पर गंभीर चोट के निशान हैं। उसके दो पुत्र धर्मेंद्र व रविंद्र दिल्ली में रहते हैं। धर्मेंद्र की पत्नी नीलम ने बभनान पुलिस चौकी पहुंचकर शव की शिनाख्त ससुर के रूप में की।
नीलम के मुताबिक ससुर दिमागी रूप से कमजोर थे। बृहस्पतिवार की भोर में घर से निकल गए थे। काफी खोजबीन की गई। इस बीच पता चला कि उनका शव बभनान के पास अप ट्रैक किनारे पड़ी हुई है। गौर के थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटकर मौत होना लग रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।