बस्ती शहर के मूड़घाट स्थित कुआनो नदी के घाट पर रविवार शाम नदी में डूबे दो में एक युवक का सोमवार को शव मिल गया। जिसकी पहचान वैभव लाला पुत्र पप्पू लाला (22) निवासी रौता थाना कोतवाली के रूप में हुई। शव को मूड़घाट से करीब पचास मीटर की दूरी पर घटनास्थल के पास ही पाया गया। नदी में लापता दूसरे युवक विजय कुमार चौरसिया (21) पुत्र मनोज चौरसिया निवासी कटरा की तलाश अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार विजय व वैभव रविवार शाम कटरा निवासी छोटू (23) पुत्र सुबराती खान व सरदार पेट्रोल पंप बड़ेवन रोड के पास रहने वाले पंकज कुमार (21) पुत्र श्यामसुंदर के साथ मूड़घाट कुआनो पर पहुंचे थे। यहां पर एक नाव पर एक साथ सवार होकर नदी में सैर करने के लिए नाविक के साथ चारों निकले थे।
अचानक नाव डगमगाने पर छोटू ने नदी में छलांग लगा दी और उसे बचाने के लिए पंकज भी नदी में कूद पड़ा था। छोटू को बचाने के दौरान पंकज नदी के बाहर निकल आया था। नाविक बाहर निकलने के बाद मौके से चला गया था। जबकि विजय कुमार व वैभव नदी में डूब गए थे।
सूचना पाकर तहसीलदार सदर, कोतवाल के साथ चौकी प्रभारी बड़ेवन शशिकांत पांडेय मौके पर पहुंचे थे। गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया। अंधेरा काफी होने के कारण रात में दोनों युवकों की तलाश नहीं हो सकी। सुबह पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया।
चौकी प्रभारी बड़ेवन ने बताया कि घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर डूबे युवक वैभव का शव बरामद कर लिया गया है। वैभव एक प्राइवेट अस्पताल में काम करता था। अभी उसकी शादी नहीं हुई है। वैभव का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाल शिवाकांत मिश्र ने बताया कि विजय की खोजबीन के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।