निलंबन के बाद सचिव ने ग्राम निधि के खाते से 5.95 लाख निकाले
ग्राम प्रधान की शिकायत पर जांच में मामले की पुष्टि हुई
डीपीआरओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया, अग्रिम कार्रवाई की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। निलंबन के बाद भी ग्राम निधि से नियम विरुद्ध 5.95 लाख रुपये निकालने के मामले में रुधौली ब्लाक में तैनात पंचायत सचिव रितुराज पांडेय को डीपीआरओ शिवशंकर सिंह ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अंदर उन्हें अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
रुधौली के मझौवा कला ग्राम पंचायत की वर्तमान प्रधान बासमती ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी कि सचिव रितुराज ने अपने निलंबन की तिथि 19 जून 2019 के बाद ग्राम निधि खाते से चेक के माध्यम से 29 जून 2019 को कुल 5,95,280 रुपये की निकासी नियम विरुद्ध तरीके से किया है। प्रधान ने इस मामले में कार्रवाई का अनुरोध किया था। शिकायत की जांच तत्कालीन एडीओ पंचायत रुधौली से जांच कराई गई। एडीओ पंचायत ने अपनी जांच रिपोर्ट 31 मार्च 2022 को डीपीआरओ को दी। जांच रिपोर्ट में इंटरलाकिंग, मजदूरी भुगतान, डस्टबिन की खरीद, स्ट्रीट लाइट की खरीद व प्रधान के मानदेय भुगतान के नाम 5,95,280 रुपये की निकासी करने की शिकायत सच पाई गई। इस प्रकार आहरित की गई धनराशि वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। इसके लिए तत्कालीन प्रधान व सचिव संयुक्त रूप से दोषी पाए गए हैं। दोनों से धन की वसूली बराबर करने के साथ ही विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
डीपीआरओ शिवशंकर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सचिव के खिलाफ जो शिकायत की गई है, जांच में उसकी पुष्टि हो गई है। अब उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद अगली कार्रवाई होगी।