घाघरा नदी में लालगंज थाना क्षेत्र के पिपरपाती एहतमाली गांव के निकट नौरहनी घाट पर नहाने गए पांच दोस्तों में दो डूब गए। इनमें राधेश्याम का शव निकाला जा चुका है जबकि अतुल की तलाश चल रही है। दोनों परसांव गांव गांव के रहने वाले थे।
शुक्रवार को करीब 11 बजे दिन में परसांव के 17 वर्षीय सूरज पुत्र मनीराज, अमित पुत्र उमेश रावत (18), अमन पुत्र सतीश गौड़ (17), राधेश्याम पुत्र राम बेचन (14) और 18 वर्षीय अतुल पुत्र जयराम एक साथ गांव से स्नान के लिए घाघरा नदी की तरफ निकले। कटान का अंदाजा नहीं लगा सकने से कुछ ही देर बाद सभी कुंडनुमा गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगे। गुहार लगाने पर ठोकर नंबर छह पर काम कर रहे तीन मजदूर फरिश्ता बनकर नदी में कूद पड़े और तीन किशोरों को सुरक्षित बचा लिया। लेकिन राधेश्याम और अतुल कुमार नदी में लापता हो गए। घटना की खबर गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। किसी ने सूचना पुलिस और 100 नंबर पर भी दे दी। मौके पर सीओ कृष्ण मुरारी, थाना प्रभारी अवध राज सिंह, चौकी प्रभारी कुदरहा राम प्रकाश यादव पूरी फोर्स के साथ पहुंचे। कानूनगो जनार्दन मिश्र और लेखपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की जानकारी होते ही बड़ी तादाद में आसपास के ग्रामीण जुट गए। स्थानीय लोगों के प्रयास से जब लापता दोनों बालक नहीं मिले तब बानपुर से गोताखोर बुलाए गए। इन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद अपराह्न तीन बजे राधेश्याम का शव ढूंढ निकाला। अतुल की तलाश जारी है।
एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि सीओ मौके पर हैं। गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। एसपी ने जल्द ही लापता युवक को ढूंढने का घरवालों को आश्वासन दिया है। गांव में कोहराम मचा हुआ है। घाट पर भी बड़ी तादाद में लोग जुटे हैं। सभी ऊपर वाले से दुआ मांग रहे हैं कि अतुल जिंदा मिल जाए।