वाल्टरगंज/मानिक चंद। बस्ती-बांसी मार्ग स्थित भादी चौराहे पर बुधवार की रात तेज गति ट्रक ने बाइक सवार ग्वाले को रौंद दिया। युवक करीब 10 मीटर तक ट्रक में फंसकर घिसटता रहा। जिला अस्पताल पहुंचने के पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।
सरैया निवासी मुनिदेव यादव उर्फ मुन्ना यादव दूध बेचते थे। बुधवार की रात बस्ती शहर से दूध बांटकर वापस घर आ रहे थे। अभी घर से करीब एक किमी पहले ही भादी खुर्द पड़ाव पर तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
चौराहे पर मौजूद लोगों के मुताबिक ट्रक में बाइक फंस गई जिससे करीब 10 मीटर दूर तक घिसटते रहे। कुछ लोगों ने परिवार को सूचना दी। आनन-फानन में लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई व ग्राम प्रधान गोपीचंद यादव ने वाल्टरगंज थाने में तहरीर देकर अज्ञात ट्रक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है।