बस्ती जिले के टिनिच रेलवे स्टेशन के पास टूटी पटरी ठीक करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। बस्ती-गोंडा के बीच टिनिच रेलवे स्टेशन के पास डाउन रेलवे ट्रैक टूट जाने से दो घंटे तक ट्रेनों को संचालन प्रभावित हुआ। इसकी जानकारी तब हुई जब गोंडा की तरफ से गोरखपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के ड्राइवर ने टिनिच रेलवे स्टेशन पार करते समय झटका महसूस किया। उसने अपनी सूझबूझ से मालगाड़ी को निकाल ले गया और वाकी-टाकी से टिनिच स्टेशन को सूचना दी। बाद में मेमो के जरिए गोविंद नगर रेलवे स्टेशन पर जानकारी दी। लखनऊ की ओर से गोरखपुर जाने वाली ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोके रखा गया। बाद में ट्रैक की मरम्मत कर ट्रेन यातायात बहाल किया गया।
टिनिच रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट के पास किमी संख्या 582/6-5 जे डाउन रेलवे ट्रैक पर रविवार की सुबह लगभग 9.45 बजे गोंडा की तरफ से गोरखपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के चालक को तेज झटका महसूस हुआ। चालक ने टिनिच स्टेशन मास्टर और गोविंद नगर रेलवे स्टेशन को सूचना देकर डाउन ट्रैक की जांच कराने को कहा। सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने रेल लाइन का निरीक्षण किया तो ट्रैक टूटा मिला। कर्मचारियों का कहना था कि फ्रैक्चर इतना बड़ा था कि यदि दोबारा कोई ट्रेन गुजरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
टिनिच रेलवे स्टेशन मास्टर अनिल सिंह ने बताया कि सुबह 9.45 बजे रेलवे ट्रैक टूटने का मेमो मिला था, जिसे सीनियर सेक्शन इंजीनियर बस्ती देशदीपक पांडेय को बताया। उन्होंने अपनी टीम के साथ रेलवे लाइन को 11.30 बजे ठीक कराया। तब जाकर गाड़ियों की आवाजाही सही तरीके से पहली ट्रेन 11.40 बजे बाघ एक्सप्रेस को काशन के जरिए चलाया गया।
गौर बभनान स्टेशनों पर भी रुकी रहीं गाड़ियां
गौर रेवले मास्टर एएम त्रिपाठी ने बताया कि टिनिच के पास रेलवे ट्रैक टूट जाने से डाउन बाघ एक्सप्रेस को गौर में 1 घंटा रोका गया। साथ ही दो मालगाड़ी को करीब 3 घंटे रोकना पड़ा। इसी तरह बभनान में भी दो मालगाड़ी को रोका गया।