रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती का शव मिला।
- फोटो : अमर उजाला
गौर थानाक्षेत्र के चकचई गांव के पास रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और दोनों की पहचान की। उधर रेलवे की-मैन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। बाद में युवती की मां ने पुलिस को एक सौंपा, जिसमें दोनों में प्रेम संबंध होने की पुष्टि हुई। पत्र में आत्म हत्या करने का भी जिक्र था। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने की वजह से पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। प्रभारी निरीक्षक गौर अरविंद सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में से किसी ने तहरीर नहीं दिया है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के एक गांव के अल्पसंख्यक समुदाय के युवक का गांव के ही युवती से साल भर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर कुछ महीने पहले प्रेमी मुंबई चला गया। मोबाइल पर दोनों के बीच बातें होती रहीं।
घर वालों का कहना है कि करीब हफ्ते भर पहले प्रेमी मुंबई से घर आया। इस बीच क्या हुआ यह किसी को नहीं पता लेकिन शुक्रवार को जब दोनों का ट्रैक पर शव मिला तो सभी हतप्रभ रह गए। पहले तो किसी को घटना की वजह के बारे में कुछ भी नहीं पता चला लेकिन युवती की मां ने पुलिस को प्रेमपत्र सौंप कर संदेह से परदा उठा दिया।