राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) बस्ती में अश्लील हरकत के आरोप में निरुद्घ किशोर इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय दो सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर रास्ते से ही फरार हो गया। संप्रेक्षण गृह अधीक्षक राकेश कुमार की ओर से थाना कोतवाली में तहरीर दी गई है। अधीक्षक ने घटना की जानकारी निदेशक महिला कल्याण, डीएम, एसपी और सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी दी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि कार्रवाई करने के लिए जांच रिपोर्ट अफसरों को भेज दी गई है।
अधीक्षक की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र के रहने वाले किशोर न्याय बोर्ड सिद्धार्थनगर के आदेश पर 16 सितंबर 2016 को राजकीय संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया। 17 अक्टूबर 2016 को किशोर ने अचानक पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। जिसे रामबहादुर और हृदय राम के साथ जिला अस्पताल के लिए भेजा गया, मगर रास्ते में दोनों कर्मचारियों को चकमा देकर किशोर फरार हो गया।
फरार होने की जानकारी कर्मियों की ओर से अधीक्षक को दो बजे दिन में दी गई। उसके बाद किशोर को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड,टैक्सी स्टैंड पर तलाशा गया, मगर वह नहीं मिला। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि किशोर पहले भी फरार हो चुका है।